वन विभाग–ठेकेदार गठजोड़ से बेलगाम पेड़ कटान: निचलौल रेंज के भेडिहारी के कटान टोले पर 10 पेड़ों के परमिट पर 30 से अधिक पेड़ जड़ों से साफ

वन विभाग–ठेकेदार गठजोड़ से बेलगाम पेड़ कटान: निचलौल रेंज के भेडिहारी के कटान टोले पर 10 पेड़ों के परमिट पर 30 से अधिक पेड़ जड़ों से साफ

महराजगंज जनपद के सोहगी बरवां वन्य जीव प्रभाग क्षेत्र के निचलौल रेंज के भेडिहारी वीट के कटान टोले पर अवैध पेड़ कटान का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। जहां एक ओर जंगल माफिया और वन विभाग की पुरानी मिलीभगत से बड़े पैमाने पर पेड़ों की चोरी लंबे समय से चिंता का विषय रही है, वहीं अब नया ट्रेंड यह सामने आया है कि कुछ चुनिंदा पेड़ों का परमिट लेकर उसी के आड़ में कई गुना अधिक पेड़ों को काट दिया जा रहा है।

 

 

भेड़िहारी बीट के कटान टोले में ताज़ा घटनाक्रम ने पूरे वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों के अनुसार, यहां 10 पेड़ों का कानूनी परमिट दिखाकर लगभग 30 पेड़ काट दिए गए। इस तरह एक परमिट के बहाने दर्जनों पेड़ों की कटाई का खेल बड़े ही सुनियोजित तरीके से चल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह सब संबंधित रेंजर और ठेकेदार की मिलीभगत से हो रहा है।

स्थानीय सूत्र बताते हैं कि प्रति पेड़ लगभग 1700 रुपये की अवैध वसूली कर रेंजर द्वारा बड़े पैमाने पर कटान कराए जाने की बात सामने आई है। वन्य जीव प्रभाग क्षेत्र होने के बावजूद इस तरह की अंधाधुंध कटाई न केवल पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुँचा रही है, बल्कि वन्य जीवों के प्राकृतिक आवास को भी खतरे में डाल रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब भी कोई व्यक्ति खिलाफ आवाज उठाता है, उसे “परमिट दिखाकर” चुप करा दिया जाता है। लेकिन असलियत यह है कि परमिट केवल एक ढाल बनकर इस्तेमाल हो रहा है, और उसकी आड़ में जंगल की अनमोल संपदा को तेज़ी से समाप्त किया जा रहा है।

क्षेत्र में बढ़ते अवैध कटान से जहां जैव विविधता पर असर पड़ रहा है, वहीं तापमान और जलवायु परिवर्तन के खतरे भी बढ़ रहे हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि इस प्रकार वन क्षेत्र में अतिक्रमण और अनियंत्रित कटान भविष्य में गंभीर पर्यावरणीय संकट का कारण बन सकते हैं।

स्थानीय लोगों ने इस कांड की उच्चस्तरीय जांच तथा संबंधित रेंजर व ठेकेदार पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते वन विभाग के इस सिंडिकेट को रोका नहीं गया, तो पूरा वन क्षेत्र उजड़ने में समय नहीं लगेगा।

मनोज कुमार तिवारी पर्दा फाश न्यूज 24×7

error: Content is protected !!