सिविल कोर्ट महाराजगंज में अधिवक्ता संघ चुनाव की सरगर्मी, वरिष्ठ अधिवक्ता विनय कुमार पांडेय निर्विरोध कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित

महराजगंज। सिविल कोर्ट, जनपद महाराजगंज में आगामी 23 दिसंबर 2025 को होने वाले अधिवक्ता संघ के चुनाव को लेकर अधिवक्ता समाज में खासा उत्साह और सक्रियता देखी जा रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता विनय कुमार पांडेय को अधिवक्ता संघ के वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है। उनके निर्विरोध निर्वाचन को अधिवक्ताओं ने विश्वास, अनुभव और नेतृत्व क्षमता की जीत बताया है।

वरिष्ठ अधिवक्ता विनय कुमार पांडेय एक प्रख्यात सीनियर क्रिमिनल लॉयर के रूप में जाने जाते हैं। न्यायिक क्षेत्र में लंबे अनुभव के साथ-साथ वे समाजसेवा, जनहित याचिकाओं और कमजोर वर्गों को न्याय दिलाने के लिए निरंतर सक्रिय रहे हैं। उनके कार्य और व्यवहार से अधिवक्ता समाज के साथ-साथ आम जनमानस में भी उनकी सशक्त पहचान बनी है। यही कारण है कि उनके नामांकन के साथ ही उन्हें निर्विरोध निर्वाचित होने का सम्मान प्राप्त हुआ।

अधिवक्ता संघ चुनाव के तहत शेष पदों के लिए मतदान 23 दिसंबर 2025 को संपन्न होगा, जबकि मतगणना एवं परिणामों की घोषणा 24 और 25 दिसंबर को की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया को लेकर सिविल कोर्ट परिसर में लोकतांत्रिक माहौल और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है।

विनय कुमार पांडेय के निर्विरोध निर्वाचन पर उन्हें बधाई देने वालों में बंदना तिवारी एडवोकेट, सत्यजीत तिवारी एडवोकेट, अरुणेंद्र कुमार गुप्ता एडवोकेट, संतोष कुमार गुप्ता एडवोकेट सहित अनेक वरिष्ठ अधिवक्ता और समाजसेवी शामिल रहे। सभी ने उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

अपने निर्वाचन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विनय कुमार पांडेय ने कहा कि यह उनके लिए गर्व के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी का विषय है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे अधिवक्ता समाज के हितों की रक्षा, न्यायिक गरिमा और संघ की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करते रहेंगे।

error: Content is protected !!