महाराजगंज में 2016 से लापता युवक का मामला फिर उठा, परिजनों ने अपहरण, धमकी और धर्म परिवर्तन के दबाव का लगाया गंभीर आरोप

महाराजगंज जनपद के थाना कोठीभार अंतर्गत ग्राम कटहरी कला से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। वर्ष 2016 से लापता युवक अजीत भारती पुत्र स्वर्गीय पुरवानी भारती के संबंध में उसकी मां लालती भारती ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपहरण, जातिसूचक धमकी, जान से मारने की साजिश और जबरन धर्म परिवर्तन के आरोप लगाए हैं।

प्रार्थिनी के अनुसार, वर्ष 2016 में ग्राम प्रधान मोहिदीन अंसारी के परिवार की एक युवती से उनके बेटे का संबंध था। आरोप है कि युवती घर से आभूषण, नकदी लेकर अजीत भारती के साथ फरार हुई, जिसके कुछ समय बाद प्रधान पक्ष के लोगों ने पूरे परिवार पर हमला बोल दिया। लाठी, डंडा, धारदार हथियार लेकर जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे परिवार को घर छोड़कर भागना पड़ा।

लालती भारती का आरोप है कि इसके बाद से उनका बेटा लापता है और आज तक उसका कोई पता नहीं चल सका। आरोपितों द्वारा जातिसूचक गालियां देते हुए बेटे को मार देने और काटकर फेंक देने की धमकियां भी दी गईं। बेटे की तलाश में लगे पिता की इसी दौरान मृत्यु हो गई, जिससे परिवार पूरी तरह टूट गया।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि दबंगों द्वारा उन्हें उनके ही घर में रहने नहीं दिया जा रहा और खुलेआम कहा जा रहा है कि यदि पूरा परिवार धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम धर्म स्वीकार कर ले, तभी उन्हें गांव में रहने दिया जाएगा। प्रार्थिनी ने स्पष्ट किया है कि वह हिंदू धर्म छोड़ने को तैयार नहीं हैं और इसी कारण उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।

पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से सभी नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई, बेटे की बरामदगी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। यह मामला न केवल एक परिवार के दर्द की कहानी है, बल्कि कानून-व्यवस्था और मानवाधिकारों से जुड़ा गंभीर प्रश्न भी खड़ा करता है।

error: Content is protected !!