पर्दाफाश न्यूज 24×7 | सूर्य प्रकाश तिवारी
निचलौल (महाराजगंज)। निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम ओबरी में शुक्रवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किशोरी का शव घर के अंदर छत की कुंडी से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मामला संदिग्ध परिस्थितियों से जुड़ा होने के कारण पुलिस हर पहलू से जांच में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोरी उक्त मकान में घरेलू साफ-सफाई और देखभाल का कार्य करती थी। शुक्रवार को शाम करीब साढ़े चार बजे जब मकान स्वामी घर पहुंचे तो अंदर का दृश्य देख उनके होश उड़ गए। किशोरी का शव फंदे से लटका हुआ था। उन्होंने बिना देर किए इसकी सूचना निचलौल पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी शिव प्रताप सिंह एवं थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने कमरे को सील कर आवश्यक जांच कार्य किया।
किशोरी की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण, फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों, मकान मालिक और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि किशोरी किसी मानसिक दबाव या अन्य परेशानी में तो नहीं थी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि घटना की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है। फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद से गांव में शोक और भय का माहौल बना हुआ है।