सुर्य प्रकाश तिवारी
खड्डा (कुशीनगर)। गन्ना आयुक्त की पहल पर आई.पी.एल. चीनी मिल खड्डा के परिसर में दिनांक 23 जनवरी 2026 को गन्ना किस्मों की सटीक पहचान तथा सर्वे प्रक्रिया में तकनीकी सुधार लाने के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उप गन्ना आयुक्त देवरिया एवं जिला गन्ना अधिकारी कुशीनगर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें आगामी पेराई सत्र को ध्यान में रखते हुए सर्वे की गुणवत्ता, पारदर्शिता और तकनीकी दक्षता पर विशेष जोर दिया गया।

प्रशिक्षण सत्र में गन्ना विशेषज्ञ डॉ. अरविन्द कुमार (सीनियर साइंटिस्ट, प्लांट ब्रीडिंग, यू.पी.सी.एस.आर., शाहजहांपुर) ने गन्ना निरीक्षकों एवं सर्वे कार्मिकों को विभिन्न गन्ना किस्मों की शारीरिक पहचान, उनकी उत्पादक क्षमता तथा रोग प्रतिरोधक गुणों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गन्ना सर्वे की सटीकता से ही किसानों और चीनी मिल के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सकता है, जिससे उत्पादन और आय दोनों में वृद्धि संभव है।
चीनी मिल के यूनिट हेड एन.पी. सिंह एवं केन हेड सुधीर कुमार ने बताया कि सही किस्मों की पहचान से मिल की रिकवरी बेहतर होती है और किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिलता है। उन्होंने सर्वे कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने तथा तकनीकी उपकरणों के अधिकतम उपयोग पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अरविन्द कुमार द्वारा चीनी मिल परिसर स्थित मिल प्रक्षेत्र का निरीक्षण भी किया गया। इस अवसर पर जलप्लावित क्षेत्रों के लिए उपयुक्त गन्ना किस्मों के विकास हेतु राज्य स्तरीय जोनल ट्रायल की संभावनाओं पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि इससे भविष्य में जलभराव वाले खेतों में गन्ना खेती करने वाले किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में चीनी मिल के उप प्रबंधक शेर बहादुर, सहायक प्रबंधक संदीप चौधरी, गन्ना अधिकारी मुन्ना सिंह सहित गन्ना विभाग एवं चीनी मिल के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सर्वे सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।