रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी,,गेरमा (महराजगंज)

ग्राम पंचायत गेरमा में गंगौली हनुमान मंदिर से पकड़ी सिवान तक रोड के दोनों तरफ झाड़ी सफाई व मिट्टी कार्य में भारी अनियमितता सामने आई है। मौके की ज़मीनी हकीकत कुछ और बयां कर रही है, जबकि कागज़ों में काम पूरा दिखाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कार्य स्थल पर केवल घास छीली जा रही है, जबकि मिट्टी डालने का कार्य कहीं भी नहीं किया गया। इसके बावजूद सरकारी रिकॉर्ड में मिट्टी कार्य दर्शाया गया है, जो सीधे-सीधे फर्जीवाड़े की ओर इशारा करता है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस कार्य में 39 मजदूरों की हाजिरी दर्ज की गई है। मनरेगा पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक—
सुबह की हाजिरी 25 जनवरी 2026 को शाम 17:45:35 बजे अपलोड की गई
वहीं दूसरे शिफ्ट की हाजिरी मात्र 9 मिनट बाद, यानी 17:54:27 बजे अपलोड कर दी गई
महज 9 मिनट के अंतराल में दूसरे शिफ्ट की हाजिरी दर्ज होना कई सवाल खड़े करता है। नियमों के अनुसार दो शिफ्ट की हाजिरी में पर्याप्त समयांतराल होना आवश्यक है, लेकिन यहां नियमों की खुलेआम अनदेखी दिखाई दे रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह पूरा खेल सेक्रेट्री, प्रधान और एपीओ की मिलीभगत से अंजाम दिया जा रहा है, ताकि बिना काम कराए सरकारी धन की निकासी की जा सके।
अब सवाल यह उठता है कि
जब ज़मीन पर मिट्टी कार्य हुआ ही नहीं,
तो 39 मजदूरों की हाजिरी कैसे लग गई?
और दो शिफ्ट की हाजिरी 9 मिनट में कैसे संभव है?
ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।