रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी
महाराजगंज।
यूजीसी (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग) द्वारा प्रस्तावित नीतियों के विरोध में सवर्ण समाज में गहरा असंतोष व्याप्त है। इसी क्रम में सनातन ब्राह्मण महा संस्था ट्रस्ट के आह्वान पर जनपद महाराजगंज में सवर्ण समाज के लोग एकजुट होकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराएंगे। संस्था ने जनपद के सभी सवर्ण भाइयों से निवेदन किया है कि वे दिनांक 27 जनवरी 2026, दिन मंगलवार को अपराह्न 11:00 बजे जिला मुख्यालय पर उपस्थित होकर जिलाधिकारी महाराजगंज को ज्ञापन सौंपें।
संस्था का कहना है कि यूजीसी द्वारा हाल के दिनों में जो नीतिगत बदलाव और प्रस्ताव सामने आए हैं, वे सवर्ण समाज के छात्रों के शैक्षिक अधिकारों एवं भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाले हैं। इन नीतियों से योग्यता आधारित शिक्षा व्यवस्था कमजोर होगी और सामाजिक संतुलन बिगड़ने की आशंका है।
सनातन ब्राह्मण महा संस्था ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि यह आंदोलन किसी के खिलाफ नहीं, बल्कि न्यायपूर्ण और समान शिक्षा नीति के समर्थन में है। संगठन का उद्देश्य है कि सरकार और प्रशासन तक सवर्ण समाज की पीड़ा, चिंता और मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से पहुँचाया जाए।
ट्रस्ट ने युवाओं, शिक्षकों, अभिभावकों और समाज के प्रबुद्ध वर्ग से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस ज्ञापन कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। साथ ही यह भी कहा गया है कि कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप होगा।
सवर्ण समाज का मानना है कि यदि समय रहते यूजीसी की नीतियों पर पुनर्विचार नहीं हुआ, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए शिक्षा के अवसर सीमित हो जाएंगे। इसी चेतना के साथ 27 जनवरी को महाराजगंज मुख्यालय पर एकजुटता का संदेश दिया जाएगा।