रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत जनपद महराजगंज के निचलौल क्षेत्र में एक विशाल और ऐतिहासिक पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा बाली इंटर कॉलेज, निचलौल से प्रारंभ होकर चौक तिराहा, तहसील गेट, मुख्य चौराहा होते हुए मंडी परिषद निचलौल पहुंची, जहां यह एक विशाल जनसभा में तब्दील हो गई। पदयात्रा और सभा में मनरेगा मजदूरों, किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भागीदारी देखने को मिली, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई।
पदयात्रा का नेतृत्व कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवेक्षक एवं प्रदेश महासचिव अवधेश सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि केवल कांग्रेस ही नहीं, बल्कि देशभर के श्रमिक संगठनों और मजदूर हितैषी सामाजिक संस्थाओं ने भी नए मनरेगा कानून के विरोध में एक दिन का राष्ट्रव्यापी बंद रखा, जिसका व्यापक असर पूरे देश में देखने को मिला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा लागू की जा रही वी.जी. राम जी जैसी श्रमिक विरोधी योजनाएं गरीबों के हक पर हमला हैं। कांग्रेस की मांग है कि इन योजनाओं को तत्काल निरस्त कर, कांग्रेस सरकार द्वारा बनाई गई पुरानी मनरेगा योजना को पूरी मजबूती के साथ बहाल किया जाए।
सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने कहा कि पिछले लगभग डेढ़ महीने में महराजगंज जनपद में “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत 30 से अधिक जनसंवाद कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। आज की पदयात्रा में मजदूरों की बड़ी संख्या में भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि मनरेगा मजदूर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हैं और सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों को स्वीकार नहीं करेंगे।
सभा को पूर्व जिलाध्यक्ष झिनकू चौधरी, त्रिभुवन मिश्रा एवं शरद सिंह बबलू ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि कोरोना जैसी भीषण आपदा के समय जब रोजगार के सभी साधन बंद हो गए थे, तब मनरेगा ने गांवों में रोजगार सृजन कर गरीबों के खातों में सीधे नगद धन पहुंचाकर लाखों परिवारों को सहारा दिया। आज उसी जनकल्याणकारी कानून को भाजपा सरकार समाप्त करना चाहती है, जिसे कांग्रेस कभी सफल नहीं होने देगी।
पूर्व प्रत्याशी एवं वरिष्ठ नेता शरदेंदु पांडे और सदामोहन उपाध्याय ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव के घोषणा पत्र में स्पष्ट ऐलान किया है कि कांग्रेस की सरकार बनने पर मनरेगा मजदूरों की दिहाड़ी बढ़ाकर 400 रुपये की जाएगी।
सभा की अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद पांडे ने की, जबकि सफल संचालन मनरेगा प्रभारी कपिल देव शुक्ला ने किया। पदयात्रा में किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विनीत सिंह सहित बड़ी संख्या में मजदूरों ने हरी पट्टी बांधकर भाग लिया। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष विनोद सिंह, जय प्रकाश लाल, गंगा जल चौरसिया, राजन शुक्ला, पूर्णमासी यादव, नूर आलम, शिवपूजन सहित सैकड़ों मनरेगा मजदूर, किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह पदयात्रा न केवल मनरेगा के समर्थन में जनआंदोलन बनी, बल्कि आने वाले समय में सरकार पर दबाव बनाने का मजबूत संकेत भी साबित हुई।