सोहगी बरवा वन प्रभाग में नियमों की धज्जियाँ: एकमा वन विश्राम भवन बना अधिकारी का निजी आवास, अवैध कटान व धनउगाही के गंभीर आरोप

रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी 

Oplus_0

 

सोहगी बरवा वन्य जीव प्रभाग से एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जनपद महराजगंज के लक्ष्मीपुर रेंज अंतर्गत स्थित एकमा वन विश्राम भवन को पिछले लगभग 10 महीनों से उप प्रभागीय वनाधिकारी श्री सतेन्द्र कुमार सिंह द्वारा कथित रूप से निजी आवास के रूप में उपयोग किया जा रहा है। यह भवन मूल रूप से सरकारी कार्यों एवं अतिथियों के ठहराव के लिए निर्धारित है, न कि किसी अधिकारी के स्थायी निवास के लिए।

स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इस अवैध कब्जे को हटाने के लिए कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) महराजगंज द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे विभागीय मिलीभगत की आशंका और गहराती जा रही है।


आरोप यह भी है कि पूर्व में लक्ष्मीपुर रेंज में तैनात रहे अन्य उप प्रभागीय वनाधिकारी नियमों का पालन करते हुए किराये के मकानों में रहते थे, किंतु वर्तमान अधिकारी द्वारा दबंगई के बल पर वन विश्राम भवन पर कब्जा किया गया है।

शिकायत में यह भी उल्लेख है कि एकमा वन विश्राम भवन में रहते हुए उप प्रभागीय वनाधिकारी द्वारा अधीनस्थ कर्मचारियों, स्थानीय ठेकेदारों और फर्नीचर दुकानदारों पर दबाव बनाया जाता है। इसी दबाव के चलते लक्ष्मीपुर रेंज के विभिन्न वन क्षेत्रों में अवैध वृक्ष कटान कराए जाने और वन माफियाओं को लकड़ी बेचे जाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। साथ ही, मनमाने ढंग से धनउगाही की भी शिकायत सामने आई है।

इतना ही नहीं, इन सभी आरोपों के बावजूद विभागीय स्तर पर चुप्पी साधे रहना प्रशासनिक निष्क्रियता पर सवाल खड़े करता है। शिकायतकर्ता सुभाष चन्द यादव ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि एकमा वन विश्राम भवन को तत्काल खाली कराया जाए तथा पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि वन क्षेत्रों में हो रही अवैध कटान पर रोक लग सके।

error: Content is protected !!