रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी

सिसवा स्टेट से ताल्लुक रखने वाले जननायक छवि के धनी पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री शिवेंद्र सिंह ने बुधवार को सिसवा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का दौरा कर कार्यकर्ताओं और आमजन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पुराने साथियों का कुशलक्षेम जाना और लोगों के बीच पहुंचकर उनका मनोबल बढ़ाया। पूरे दिन चले इस जनसंपर्क कार्यक्रम में उन्होंने धार्मिक, सामाजिक और व्यक्तिगत कार्यक्रमों में भी भागीदारी कर क्षेत्र की जनता के साथ अपना जुड़ाव मजबूत किया।

दिन की शुरुआत सिसवा स्थित अपने आवास से हुई, जहां से निकलकर पूर्व मंत्री शिवेंद्र सिंह सबसे पहले पकड़ी चौबे गांव पहुंचे। यहां चल रहे भव्य रुद्र महायज्ञ में शामिल होकर उन्होंने पूजा-अर्चना की और यज्ञ की सफलता तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस अवसर पर उन्होंने आयोजकों और ग्रामीणों से भी मुलाकात की तथा धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आपसी भाईचारा बढ़ने की बात कही।

पकड़ी चौबे में ही उन्होंने पूर्व प्रधान त्रिवेणी मद्धेशिया के घर पहुंचकर उनकी धर्मपत्नी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मिलकर संवेदना प्रकट की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

इसके बाद शिवेंद्र सिंह का काफिला टिकर परसौनी चौराहे की ओर बढ़ा, जहां उन्होंने अपने पुराने सहयोगी राघवेंद्र प्रताप सिंह समेत मौजूद लोगों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इसके बाद उन्होंने टिकर

स्थित जमुना प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर विद्यालय परिवार से मुलाकात की। यहां उन्होंने शिक्षकों और स्थानीय लोगों के साथ क्षेत्र की सामाजिक व राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया।

टिकर से निकलकर पूर्व मंत्री निचलौल पहुंचे, जहां अस्वस्थ चल रहे वरिष्ठ समाजसेवी भागवत ओझा के आवास पर जाकर उनका हालचाल जाना। इस दौरान निचलौल नगर के कई प्रतिष्ठित लोग भी मौजूद रहे।

भागवत ओझा के घर से बाहर निकलते समय कुछ बच्चों ने शिवेंद्र सिंह से एक रोचक सवाल कर लिया। बच्चों ने कहा कि आजकल नेता बड़ी-बड़ी गाड़ियों के काफिले के साथ चलते हैं और सोशल मीडिया पर खूब प्रचार करते हैं, लेकिन आप कई बार मंत्री और विधायक रहने के बावजूद एक छोटी स्विफ्ट डिजायर कार से चल रहे हैं, जिससे लोगों को पता ही नहीं चलता कि कोई बड़ा नेता आया है।

बच्चों के इस सवाल पर शिवेंद्र सिंह ने बड़ी सहजता से जवाब देते हुए कहा कि जब नेता बहुत सारी गाड़ियों के काफिले के साथ चलते हैं तो उसका खर्च भी बहुत बढ़ जाता है और कई बार वह खर्च जनता से ही किसी न किसी रूप में वसूला जाता है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी जनता से किसी प्रकार की वसूली नहीं की और न ही करेंगे। इसी वजह से वह साधारण तरीके से एक छोटी गाड़ी में लोगों के बीच आते-जाते हैं ताकि जनता और नेता के बीच कोई दूरी न रहे। उनकी इस बात से बच्चे काफी खुश हुए और उन्होंने उनके साथ फोटो भी खिंचवाई।

इसके बाद शिवेंद्र सिंह डोमा खास गांव पहुंचे, जहां उन्होंने अपने पुराने सहयोगी विनोद गौतम के आवास पर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना। वहीं ग्राम प्रधान

अनिल यादव के घर भी पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे। उन्होंने प्रधान सहित सभी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की।
दिन के अंतिम कार्यक्रम में शिवेंद्र सिंह ग्राम सभा खाभौरा पहुंचे, जहां अश्वनी कुमार सिंह के बहुभोज कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने उपस्थित लोगों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की एकता तथा विकास के लिए मिलकर काम करने की बात कही।
पूर्व मंत्री शिवेंद्र सिंह का यह पूरा दौरा सादगी, जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान का संदेश देता रहा। पूरे दिन क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उनसे सीधे संवाद कर अपनी बात रखी।