पुलिया निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप, मुख्य सचिव से जांच की मांग

रिपोर्ट – सुर्य प्रकाश तिवारी 

महराजगंज जनपद के निचलौल विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बढ़या मुस्तकीम में पुलिया निर्माण कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में जय अम्बे कंस्ट्रक्शन कम्पनी, सिसवा बाजार के प्रोपराइटर बैजनाथ मिश्रा पर बिना कार्य कराए सरकारी धनराशि के गबन का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता मनोज कुमार तिवारी, जो स्वयं को एक सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वतंत्र पत्रकार बताते हैं, ने इस मामले में उत्तर प्रदेश शासन के मुख्य सचिव को लिखित शिकायत भेजी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि शासन से स्वीकृति मिलने के बाद पुलिया निर्माण के लिए निर्धारित धनराशि का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा संबंधित फर्म के खाते में स्थानांतरित कर दिया गया, लेकिन मौके पर 20 प्रतिशत कार्य भी पूरा नहीं कराया गया है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस पूरे प्रकरण में संबंधित विभागीय अधिकारियों की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह न केवल सरकारी धन का दुरुपयोग है, बल्कि ग्रामीण विकास योजनाओं की पारदर्शिता पर भी गंभीर सवाल खड़ा करता है।

ग्रामीणों के अनुसार, पुलिया का निर्माण अधूरा होने से आवागमन में भारी दिक्कतें आ रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शिकायतकर्ता ने मुख्य सचिव से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय टीम गठित कर निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अब देखना होगा कि शासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और क्या इस कथित भ्रष्टाचार के मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होती है या नहीं।

error: Content is protected !!