रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी
महराजगंज जनपद के भारत-नेपाल सीमा से सटे बरगदवा क्षेत्र में रविवार भोर एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब तीन क्विंटल गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान एक ट्रक चालक और एक तस्कर को हिरासत में लिया गया, जबकि मौके से कई अन्य तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे। बरामद कंटेनर और गांजे की खेप को एसएसबी ने स्थानीय पुलिस को सुपुर्द कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, बरगदवा एसएसबी बीओपी के जवान नेपाल सीमा से सटे पड़ियाताल क्षेत्र में नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान नौतनवा-ठूठीबारी मार्ग पर पिपरा गांव के पास एक मकान के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े कंटेनर पर उनकी नजर पड़ी। जवानों को देखते ही वहां मौजूद कुछ लोग मौके से भाग निकले। संदेह होने पर जब कंटेनर की तलाशी ली गई, तो उसमें भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था।
प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि यह गांजा नेपाल के काठमांडू से लाकर पिपरा गांव के पास स्थित एक गोदाम में डंप किया गया था। इसके बाद इस खेप को कंटेनर के जरिए दिल्ली भेजने की तैयारी थी। एसएसबी की सतर्कता और मुस्तैदी के चलते तस्करी की यह बड़ी खेप समय रहते पकड़ ली गई, जिससे अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि जिस गोदाम में इतनी बड़ी मात्रा में गांजा रखा गया था, वह बरगदवा थाने से महज करीब दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। इस लापरवाही ने पुलिस की कार्यप्रणाली और खुफिया तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार तस्करों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।