निचलौल में पेड़ से लटका मिला युवक का शव जमीन पर टिके थे पैर; हत्या की आशंका से हड़कंप

Pardafas news 24×7 महराजगंज/निचलौल। थाना क्षेत्र के बरगदही गांव के पास शनिवार सुबह खेत किनारे सागौन के पेड़ से मफलर के सहारे एक युवक का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई। शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं, क्योंकि युवक के दोनों पैर जमीन पर टिके हुए थे। घटनास्थल के पास से एक बाइक भी बरामद हुई है।

सुबह टहलने निकले लोगों ने पेड़ से शव लटका देखा तो तत्काल इसकी सूचना आसपास के ग्रामीणों और पुलिस को दी। कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और घटनास्थल के आसपास जांच-पड़ताल की।

मृतक की पहचान अरुण राजभर (28) पुत्र रामप्रसाद राजभर, निवासी कोहड़वल टोला सिसवा डीह के रूप में हुई है। शव से कुछ दूरी पर बाइक मिलने और युवक के पैर जमीन पर टिके होने के कारण घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने युवक की कहीं और हत्या करने के बाद शव को पेड़ से लटकाए जाने की आशंका जताई है।

हालांकि, युवक की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।#up #maharajganj #nichlaul #pardafasnews #crime #death #news

error: Content is protected !!