पर्दाफास न्यूज भिटौली, महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के तुलसीपुर में सोमवार सुबह तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 17 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार भिटौली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर शिवाला निवासी हेमंत प्रजापति सोमवार सुबह करीब 10 बजे अपनी मां को लेकर किसी जरूरी काम से भिटौली गया था। मां को वहां छोड़ने के बाद वह अपनी चाची के मायके जोगिया जाने के लिए बाइक से निकला। धर्मपुर चौराहे से होते हुए जैसे ही वह तुलसीपुर स्थित पतली नहर के पास पहुंचा, उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि विद्युत पोल टूटकर जमीन पर गिर गया और हेमंत गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही भिटौली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। हेमंत दो भाइयों में बड़ा था और अभी दसवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता लक्ष्मण रोजी-रोटी के सिलसिले में गुजरात गए हुए हैं। बेटे की मौत की खबर
सुनकर मां राजवंता का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।