निचलौल में प्रशासनिक बदलाव की बयार
एसडीएम शैलेन्द्र गौतम का तबादला, नंद प्रकाश मौर्य को मिली बड़ी जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद में प्रशासनिक मोर्चे पर एक बड़ा बदलाव सामने आया है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने निचलौल तहसील के उप जिलाधिकारी शैलेन्द्र गौतम को पद से हटाते हुए उन्हें डिप्टी कलेक्टर/अतिरिक्त मजिस्ट्रेट महराजगंज के पद पर स्थानांतरित कर दिया है। उनके स्थान पर अब नंद प्रकाश मौर्य को नया एसडीएम निचलौल नियुक्त किया गया है। यह आदेश जनहित एवं शासकीय कार्यों की सुचारुता को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जो तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
सूत्रों की मानें तो निचलौल तहसील में पिछले कुछ समय से प्रशासनिक सुस्ती, जनता की समस्याओं के समाधान में देरी और भू-माफियाओं की सक्रियता जैसी गंभीर शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। वहीं तहसील बार संघ ने भी एसडीएम शैलेन्द्र गौतम के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए हड़ताल का ऐलान कर दिया था। वकीलों का आरोप था कि एसडीएम के कार्यशैली से मुकदमों के निस्तारण में बाधा उत्पन्न हो रही थी और न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी। ऐसे में प्रशासन द्वारा उठाया गया यह कदम क्षेत्रीय प्रशासनिक स्थिति को दुरुस्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नए एसडीएम नंद प्रकाश मौर्य एक अनुभवी प्रशासनिक अधिकारी हैं और हाल ही में वे बतौर डिप्टी कलेक्टर/एडीएम महराजगंज कार्यरत थे। उन्हें निचलौल जैसे संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपना इस बात का संकेत है कि जिला प्रशासन अब तहसील स्तर पर प्रशासनिक पकड़ मजबूत करने के मूड में है।
यह बदलाव केवल निचलौल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिले के अन्य क्षेत्रों में भी प्रशासनिक फेरबदल की संभावनाएं तेज हो गई हैं। आम जनमानस और जनप्रतिनिधि अब इस बात पर नजर गड़ाए हुए हैं कि अगला कदम किस दिशा में उठाया जाएगा।
फिलहाल यह निर्णय एक सख्त लेकिन आवश्यक प्रशासनिक हस्तक्षेप के रूप में देखा जा रहा है, जिससे स्थानीय जनता को पारदर्शिता, जवाबदेही और समय पर न्याय मिलने की उम्मीद है।