सिसवा ब्लॉक में मनरेगा की बड़ी अनियमितता उजागर: 112 मजदूरों की फर्जी उपस्थिति, अपलोड फोटो में संख्या बेहद कम

महराजगंज जिले के सिसवा ब्लॉक में मनरेगा योजना के कार्यों में एक गंभीर अनियमितता सामने आई है। ग्राम पंचायत गोपाला के दो अलग-अलग कार्यों पर 25 नवंबर 2025 को दर्ज उपस्थिति में कुल 112 मजदूरों को उपस्थित दिखाया गया है, जबकि एनएमएमएस ऐप पर अपलोड की गई ग्रुप फोटो में इतनी संख्या कहीं दिखाई नहीं देती।

पहले कार्य—“नरसिंह के खेत से गुरलका के खेत तक चक रोड़ पर गिट्टी कार्य”—में सुबह 09:21 बजे और शाम 16:01 बजे दो ग्रुप फोटो अपलोड किए गए। दोनों ही फोटो में मजदूरों की संख्या बेहद कम है, जबकि रिकॉर्ड में बड़ी संख्या में जॉब कार्ड धारकों को ‘Present’ दिखाया गया है। यही स्थिति दूसरे कार्य—“मिनहाज़ के खेत से लालबचन के खेत तक हिरने नदी किनारे बंधा घर मिट्टी कार्य”—में भी दिखाई देती है, जिसमें सुबह 09:37 बजे और दोपहर 15:50 बजे की ग्रुप फोटो उपलब्ध हैं, परन्तु मजदूरों की संख्या दर्ज उपस्थिति की तुलना में बहुत कम है।

दोनों कार्यों में फोटो अपलोड करने वाले व्यक्ति का नाम सोनू प्रसाद, पद ग्राम पंचायत स्तर दर्ज है। दोनों कार्यों के फोटो और उपस्थिति एक ही दिन में अपलोड किए गए, जिससे यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि फोटो केवल औपचारिकता पूरी करने के लिए ली गई, जबकि श्रमिकों की वास्तविक उपस्थिति दर्ज नहीं की गई।

ग्राम पंचायत गोपाला में मनरेगा योजना पहले भी विवादों में रही है, और स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि ब्लॉक स्तर पर लगातार फर्जी हाजिरी लगाकर सरकारी धन की बंदरबांट की जा रही है। मजदूरों की संख्या और अपलोड फोटो में दिख रही वास्तविक संख्या में भारी अंतर गंभीर वित्तीय अनियमितता की ओर इशारा करता है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोकायुक्त से इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

error: Content is protected !!