रिपोर्ट – सुर्य प्रकाश तिवारी
सिसवा बाजार नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक सोमवार, 23 फरवरी 2026 को सभागार कक्ष में अध्यक्ष श्रीमती शकुन्तला जायसवाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में सभी सभासदों एवं अधिशासी अधिकारी की उपस्थिति में शहर के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

बैठक में “सीवरेज एवं जल निकासी योजना”, पं० दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना, नगरीय झील एवं पोखर संरक्षण योजना, स्वच्छ भारत मिशन तथा नगरीय पेयजल योजना के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में निर्माण कार्यों हेतु 700 लाख रुपये की कार्ययोजना को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा “मुख्यमंत्री नगर सूजन योजना” के तहत विस्तारित क्षेत्रों में सड़क, नाली निर्माण और चौराहों के सुंदरीकरण के लिए 1000 लाख रुपये की योजना को मंजूरी दी गई।

15वें वित्त आयोग एवं राज्य वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में सीसी सड़क, नाली निर्माण, पोखरी सुंदरीकरण तथा आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति के लिए 1200 लाख रुपये के प्रस्ताव को भी हरी झंडी मिली।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए तैयार अनुमानित बजट में 9400 लाख रुपये की आय तथा 9500 लाख रुपये के व्यय का प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष में नगर क्षेत्र के टैक्सी स्टैंड, पोखरी, तालाब एवं दुकानों की वसूली हेतु नीलामी कराए जाने का निर्णय भी लिया गया।
कुल मिलाकर सड़क, नाली, चौराहा एवं पोखरी सुंदरीकरण सहित करीब 29 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति देकर नगर के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।