सिसवा विधायक का पुलिया प्रेम पुलिया निर्माण पर विकास निधि का खजाना

सिसवा विधायक का पुलिया प्रेम पुलिया निर्माण पर विकास निधि का खजाना

 

तीन वित्तीय वर्षों में बने 59 पुलिए, लेकिन जमीनी हकीकत पर उठ रहे सवाल

महराजगंज। विधान मण्डल क्षेत्र विकास निधि (MLA LAD) योजना का मूल उद्देश्य क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं में सुधार करना है, लेकिन महराजगंज जिले की सिसवा विधानसभा (317) से विधायक श्री प्रेम सागर पटेल के कार्यों की सूची देखकर आम जनता और विपक्षी दलों में सवाल उठने लगे हैं।

वित्तीय वर्ष 2023-24 में विधायक को ₹5 करोड़ की धनराशि आवंटित हुई। इस अवधि में कुल 25 कार्य स्वीकृत हुए और सभी पूरे भी बताए गए। हैरानी की बात यह है कि लगभग सभी कार्य पुलिया निर्माण से जुड़े हुए थे।

अगले ही वित्तीय वर्ष 2024-25 में भी विधायक को ₹5 करोड़ मिले। इस बार 26 कार्य अनुशंसित हुए, जिनमें से 23 स्वीकृत हुए। लेकिन शून्य कार्य पूरे होने का ब्योरा दर्ज है। इन कार्यों का स्वरूप भी ज्यादातर पुलिया निर्माण से संबंधित ही है।

सबसे ताज़ा आंकड़े 2025-26 के हैं। इस बार ₹2 करोड़ की धनराशि आवंटित हुई, जिसमें से 11 पुलिया निर्माण के लिए अनुशंसा दर्ज हुई है, जबकि अब तक किसी कार्य की स्वीकृति या पूर्णता का रिकॉर्ड पोर्टल पर उपलब्ध नहीं है।

यानी तीन वित्तीय वर्षों में विधायक ने लगभग 59 पुलियों के निर्माण की सिफारिश की है, जबकि क्षेत्र की जनता सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि विधायक का विकास केवल “पुलिया प्रेम” तक सीमित है। विपक्ष भी आरोप लगा रहा है कि निधि का उपयोग एक ही प्रकार के कार्यों में कर, अन्य ज़रूरतों को नजरअंदाज किया जा रहा है।

अब देखना होगा कि सरकार और विभाग इस सवाल का जवाब कैसे देते हैं कि आखिर विकास निधि का लाभ क्षेत्र की बहुआयामी ज़रूरतों को पूरा करने में क्यों नहीं लगाया जा रहा।

error: Content is protected !!