आई.पी.एल. चीनी मिल खड्डा द्वारा किसान गोष्ठी का आयोजन, गन्ना फसल की देखरेख पर दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
गन्ना वैज्ञानिकों ने किसानों को बताया रोग, कीट नियंत्रण व बरसात से गिरे गन्ने की बंधाई के आधुनिक तरीके
—
कुशीनगर।
उप गन्ना आयुक्त देवरिया एवं जिला गन्ना अधिकारी कुशीनगर के निर्देशन में आई.पी.एल. चीनी मिल, खड्डा द्वारा ग्राम लखुआ बाजार टोला में किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में गन्ना किसानों को फसल की सुरक्षा, रोग-कीट नियंत्रण और बरसात से प्रभावित फसलों के प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में गन्ना प्रजनन एवं अनुसंधान संस्थान सेवरही से आए कृषि वैज्ञानिक डॉ. सत्येंद्र और डॉ. वाई.पी. भारती ने किसानों को गन्ने की बेहतर उत्पादकता हेतु आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में गन्ने की फसल में कई प्रकार के कीट एवं रोग लगने का खतरा बढ़ जाता है, ऐसे में नियमित निरीक्षण और समय पर कीट नियंत्रण दवाओं का प्रयोग बेहद आवश्यक है।
वरिष्ठ गन्ना निरीक्षक खड्डा पवन पटेल ने किसानों को बरसात से गिरे गन्ने की सही बंधाई करने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि सही समय पर गिरे गन्ने की बंधाई और मिट्टी चढ़ाने से फसल को सड़ने से बचाया जा सकता है और उत्पादन में भी गिरावट नहीं आती।
कार्यक्रम में चीनी मिल के केन हेड सुधीर कुमार, उप प्रबंधक शेर बहादुर सिंह, सहायक प्रबंधक संदीप कुमार, गन्ना अधिकारी मुन्ना सिंह सहित सैकड़ों किसान—बलवंत, मनीष, राजकुमार आदि उपस्थित रहे।
गोष्ठी के उपरांत मिल प्रबंधन द्वारा एरिया का फील्ड विजिट भी किया गया, जहां बरसात से गिरे गन्ने का भौतिक निरीक्षण किया गया और किसानों क व्यावहारिक सुझाव दिए गए। यह कार्यक्रम किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।