सरस्वती देवी पी.जी. कॉलेज निचलौल में गोल्ड मेडलिस्ट छात्राओं का सम्मान समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
निचलौल (महराजगंज), मंगलवार — निचलौल स्थित सरस्वती देवी पी. जी. कॉलेज में मंगलवार को एक भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय स्तर पर गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं अर्पिता शर्मा और वैष्णवी त्रिपाठी को महाविद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया गया।
महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक पवन दूबे और उप प्रबंध निदेशक श्रीमती स्वेतलाना दूबे ने दोनों छात्राओं को सम्मान पत्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सम्मान न केवल छात्राओं के परिश्रम का परिणाम है, बल्कि संस्थान के गौरव में भी वृद्धि करने वाला है।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया। शिव शती वियोग और कंश वध पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके साथ ही होली खेले मसाने में, खइके पान बनारस वाला, माँ शेरोवाली जैसे नृत्य तथा विभिन्न राज्यों की भाषाओं और संस्कृति को दर्शाने वाले एकल एवं समूह नृत्यों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा और लगभग 1500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग लिया। सभी ने तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर प्राचार्य सुनील पाण्डेय, कुलदीप पाण्डेय, दीपक मिश्रा, श्याम बिहारी अग्रवाल, डॉ. कुलदीप पाठक, अमित मिश्रा, वशिष्ठ नारायण पाण्डेय, सचितानंद दूबे, गोपाल ओझा, धर्मेन्द्र पटेल, विजय पटेल, उप प्राचार्य आदित्य सिंह, पल्लवी त्रिपाठी, प्रमोद शर्मा, सर्वेश तिवारी, डॉ. राम दरस, संदीप जी, अवनीश पाण्डेय, देवेंद्र पाण्डेय, दीव्य दीपक सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन उप प्राचार्य आदित्य सिंह और बृजेश उपाध्याय ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर मंच से वक्ताओं ने छात्राओं की उपलब्धि को नारी सशक्तिकरण का प्रतीक बताया और कहा कि शिक्षा के माध्यम से बेटियाँ हर क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।
👉 समाचार संवाददाता — मनोज तिवारी, महराजगंज