उत्तर प्रदेश –
भारतीय जनता पार्टी आज अपने नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। इस अहम संगठनात्मक प्रक्रिया को लेकर पार्टी में उत्साह और हलचल का माहौल है। प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी का नाम सबसे आगे चल रहा है, जिसको लेकर उनके समर्थकों में खासा जोश देखने को मिल रहा है। उनके स्वागत और समर्थन के लिए महराजगंज समेत पूर्वांचल के कई जिलों से भाजपा के बड़े नेता और कार्यकर्ता लखनऊ पहुंच चुके हैं।

भारतीय जनता पार्टी अपने मजबूत संगठनात्मक ढांचे और लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए जानी जाती है। देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी होने के नाते भाजपा में संगठन पर्व के तहत पूरी पारदर्शिता और विधिवत प्रक्रिया के साथ चुनाव संपन्न कराए जाते हैं। प्रदेश अध्यक्ष के नामांकन को लेकर पार्टी कार्यालय में नोटिस बोर्ड पर पूर्व में ही कार्यक्रम चस्पा कर दिया गया था, जिसकी जानकारी सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को दी जा चुकी है।

भाजपा के इस महत्वपूर्ण चुनाव के लिए केंद्रीय नेतृत्व की ओर से वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी इस प्रक्रिया के दौरान लखनऊ पहुंचे हैं। दोनों वरिष्ठ नेताओं के स्वागत के लिए भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। नेताओं का कहना है कि पार्टी संगठन एक परिवार की तरह कार्य करता है और इसी संगठनात्मक संस्कृति के तहत सभी कार्यकर्ता जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर पार्टी में कई नामों पर चर्चा है। हालांकि पंकज चौधरी का नाम सबसे मजबूत दावेदार के रूप में सामने आ रहा है। इसके बावजूद पार्टी के भीतर लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन करते हुए अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व और निर्वाचन प्रक्रिया के माध्यम से ही लिया जाएगा। कुछ कार्यकर्ताओं का यह भी कहना है कि वर्तमान में कई और नामो की भी चर्चा में रह सकता है, जब तक आधिकारिक घोषणा नहीं हो जाती।

इधर, निर्वाचन जनपद महराजगंज के तमाम भाजपा कार्यकर्ता और पंकज चौधरी के समर्थक लखनऊ में डेरा डाले हुए हैं। शुभकामनाओं और समर्थन का दौर लगातार जारी है। इसी क्रम में सिसवा नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल भी लखनऊ पहुंचे और एयरपोर्ट पर पंकज चौधरी का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यदि पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलती है तो यह पूर्वांचल और भारतीय जनता पार्टी दोनों के हित में एक सार्थक और मजबूत कदम साबित होगा।
कुल मिलाकर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चुनाव को लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और सभी की निगाहें आज होने वाली नामांकन प्रक्रिया और आगामी फैसले पर टिकी हुई हैं।