घुघली ब्लॉक के गणेशपुर ग्राम सभा में गंदगी का साम्राज्य, 10 वर्षों से तैनात सफाई कर्मी नदारद

महराजगंज। मनोज कुमार तिवारी पर्दा फाश न्यूज 24×7

घुघली विकास खंड अंतर्गत ग्राम सभा गणेशपुर से बेलहिया मार्ग इन दिनों गंदगी, दुर्गंध और लापरवाही का जीता-जागता उदाहरण बना हुआ है। सड़क के दोनों ओर कूड़े-कचरे का अंबार लगा है, नालियाँ जाम हैं और बरसों से सफाई के नाम पर केवल कागजी खानापूर्ति होती चली आ रही है।

ग्राम पंचायत गणेशपुर में सरकारी अभिलेखों के अनुसार दो सफाई कर्मी—धर्मवती देवी एवं शिमा देवी—तैनात हैं, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले लगभग 10 वर्षों से दोनों सफाई कर्मी गांव में कभी नियमित रूप से दिखाई ही नहीं दीं। सफाई का कार्य कभी-कभार बाहर से मजदूर लगाकर कराया जाता है, जिसकी मजदूरी पंचायत स्तर से दी जाती है, जबकि सरकारी वेतन सफाई कर्मियों के खाते में लगातार जाता रहा है।

 

ग्रामीणों ने बताया कि इस गंभीर अनियमितता को लेकर पहले भी (IGRS) सहित अन्य माध्यमों से शिकायतें की गईं, लेकिन हर बार पैसे लेकर मामला रफा-दफा कर दिया गया। नतीजा यह है कि हालात जस के तस बने हुए हैं।

चौंकाने वाली बात यह है कि गणेशपुर-बेलहिया मार्ग पर मनरेगा योजना के तहत दो बार कार्य स्वीकृत होकर भुगतान भी हो चुका है, इसके बावजूद सड़क किनारे और नालियों में वर्षों पुरानी गंदगी जमी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि कार्य केवल कागजों में पूरा दिखा दिया गया, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है।

स्थानीय लोगों में इस व्यवस्था को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि

दोनों सफाई कर्मियों की वास्तविक उपस्थिति की जांच कराई जाए,

मनरेगा कार्यों की भौतिक जांच हो,

और दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कब तक संज्ञान लेकर कार्रवाई करता है, या फिर गणेशपुर की गंदगी यूँ ही सिस्टम की लापरवाही की कहानी कहती रहेगी।

error: Content is protected !!