आनंद नगर। Pardafash news 24×7
पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के 101वें जन्मदिवस एवं महान शिक्षाविद् पंडित मदन मोहन मालवीय की जन्मजयंती के अवसर पर आनंद नगर स्थित आधारशिला वृद्धाश्रम में भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को लेकर भाजपा समर्थकों एवं स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे वातावरण में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना स्पष्ट रूप से झलक रही थी।
कार्यक्रम का नेतृत्व समाजसेवी शिवम जायसवाल एवं करुणेश उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि विचार और संस्कार की मिसाल थे। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि अटल जी के विचारों और आदर्शों को स्मरण करना आज के समय में और भी अधिक आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को सही मार्गदर्शन मिल सके।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व विधायक चौधरी शिवेंद्र सिंह ने अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे देश के “भीष्म पितामह” थे। अटल बिहारी वाजपेयी एक कुशल प्रशासक, संवेदनशील कवि, निडर एवं निर्भीक नेता के साथ-साथ व्यवहारिक राजनेता भी थे। उनके निर्णयों का समाज और राष्ट्र पर दूरगामी सकारात्मक प्रभाव पड़ा। उन्होंने कहा कि अटल जी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त पहचान बनाई।

विशिष्ट अतिथि नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश जायसवाल ने कहा कि देश में राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना जैसी ऐतिहासिक योजनाएं अटल जी की दूरदर्शी सोच का परिणाम हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने कारगिल युद्ध में विजय प्राप्त कर देश की सैन्य क्षमता और एकता का परिचय दिया।
आधारशिला वृद्धाश्रम के प्रबंधक प्रदीप कटियार ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धता, शालीनता और सिद्धांतों के लिए सदैव स्मरणीय रहेंगे। वहीं समाजसेवी जय भारत एवं करम चंद यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में अटल जी का कार्यकाल गौरवशाली रहा, जिसमें पोखरण परमाणु परीक्षण, आर्थिक सुधार और मजबूत विदेश नीति जैसे ऐतिहासिक निर्णय शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान अमरीश राव (लंदन), इंद्रजीत चौधरी, आशीष जायसवाल, विकास चौरसिया, जगदंबा उपाध्याय एवं सुनील यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने अटल जी और पं. मदन मोहन मालवीय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।