ग्राम बड़हरी में चोरी की बड़ी वारदात, परिवार मुंबई में होने का उठाया चोरों ने फायदा

रिपोर्ट -सुर्य प्रकाश तिवारी 

जनपद के ग्राम बड़हरी में बीती रात एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत और सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि ग्राम निवासी श्री रामकैलास राम तिवारी के दोनों पुत्र अपने जीविकोपार्जन के लिए सपरिवार मुंबई में रहते हैं। घर पर उनकी माताजी रहती थीं, लेकिन हाल ही में अस्वस्थ होने के कारण वे बड़े बेटे पवन कुमार के साथ इलाज के लिए कुछ दिन पूर्व मुंबई चली गई थीं।

परिवार की अनुपस्थिति में घर की देखरेख के लिए पास के ही निवासी श्री नर्वदा मिश्रा के दूसरे पुत्र राकेश मिश्रा को बरामदे की चाबी सौंपी गई थी। दुर्भाग्यवश, किसी शुभचिंतक के आकस्मिक निधन के कारण राकेश मिश्रा भी कुछ दिनों से गांव में मौजूद नहीं थे। इसी मौके का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से घर को निशाना बनाया।

सूत्रों के अनुसार, चोरों ने रात के अंधेरे में घर में घुसकर कमरों की अलमारियों, संदूकों और अन्य सामानों को बुरी तरह खंगाल डाला। हालांकि, अभी तक चोरी गए सामानों का वास्तविक और स्पष्ट विवरण सामने नहीं आ सका है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि नकदी, आभूषण और कीमती घरेलू सामान पर चोरों ने हाथ साफ किया है।

सुबह जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की खबर आग की तरह पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में फैल गई, जिससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द घटना का खुलासा कर चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।

फिलहाल सूचना संबंधित परिवारजनों को दे दी गई है और पुलिस को भी मामले से अवगत कराया गया है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि पुलिस शीघ्र कार्रवाई करते हुए चोरों तक पहुंचेगी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

error: Content is protected !!