सड़क पर बहता फैक्ट्री का गंदा पानी बना ग्रामीणों के लिए मुसीबत, डीएम को सौंपा गया ज्ञापन

रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी 

महराजगंज। नगर क्षेत्र से सटे ग्रामीण इलाकों में एक फैक्ट्री द्वारा सड़क पर छोड़े जा रहे गंदे पानी से नाराज ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार को खुलकर सामने आया। जनहित संघर्ष समिति के अध्यक्ष रवींद्र जैन के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

ग्रामीणों ने बताया कि नगर पालिका परिषद महराजगंज की सीमा से सटे एसएसबी मुख्यालय से प्राचीन शिव मंदिर कटहरा को जाने वाली सड़क पर वर्षों से एक मिल का गंदा पानी बह रहा है। इस कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। जगह-जगह पानी जमा होने से बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

यह सड़क लखिमा थरूआ, कटहरा, रामपुर बुजुर्ग, बड़हरा रानी, वनग्राम उसरहवा, सौलहिया, बागापार, चिउरहा सहित दर्जनों गांवों को जोड़ती है। प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु प्राचीन शिव मंदिर कटहरा में पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान के लिए इसी मार्ग से आते-जाते हैं। कीचड़ और गड्ढों के कारण साइकिल व मोटरसाइकिल सवार गिरकर घायल हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि सबसे अधिक परेशानी स्कूली छात्रों, कॉलेज जाने वाले युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं और एसएसबी के जवानों को उठानी पड़ रही है। समिति के अध्यक्ष रवींद्र जैन ने बताया कि इस संबंध में मिल के कर्मचारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।

ज्ञापन देने वालों में मिथिलेश सिंह, रामप्रसाद एडवोकेट, ग्राम प्रधान रामबचन साहनी, जितेंद्र शुक्ल, बीडीसी अनिल कुमार, कमालुद्दीन अंसारी, दिग्विजय सिंह, राकेश पांडेय, ऐनुद्दीन अंसारी, आफताब आलम, ज्ञानप्रकाश राय, रामहरख साहनी, विद्यासागर और मनोज गैतम सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से फैक्ट्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सड़क को सुरक्षित बनाए जाने की मांग की है।

error: Content is protected !!