भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे सहायक रजिस्ट्रार, आयुक्त से जांच की मांग

रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी 

महराजगंज जनपद की देवदह एजूकेशनल सोसाइटी, बुद्ध नगर अड्डा बाजार से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें गोरखपुर मंडल के सहायक रजिस्ट्रार फर्म्स, सोसाइटी एवं चिट्स श्री बी०के० सिंह पर भ्रष्टाचार, कूटरचना और नियमों की अनदेखी के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस संबंध में प्रार्थी उमेश प्रसाद द्वारा गोरखपुर मंडल के आयुक्त महोदय को एक विस्तृत शिकायती पत्र प्रेषित कर त्वरित जांच एवं कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायत में बताया गया है कि देवदह एजूकेशनल सोसाइटी के वरिष्ठ सदस्य सुशील कुमार मिश्र को संस्था के कुछ तथाकथित पदाधिकारियों ने फर्जी दस्तावेजों और कूटरचित कार्यवाही के माध्यम से संस्था से बाहर कर दिया। इस पूरे प्रकरण में विद्यालय के प्रधानाचार्य दयाशंकर सिंह की भूमिका भी संदिग्ध बताई गई है। आरोप है कि इन सभी तथ्यों के बावजूद सहायक रजिस्ट्रार श्री बी०के० सिंह ने दिनांक 10 अक्टूबर 2025 को संस्था का नवीनीकरण कर दिया, जो नियमों के विपरीत है।

इतना ही नहीं, नवीनीकरण के बाद सहायक रजिस्ट्रार कार्यालय द्वारा दिनांक 23 दिसंबर 2025 को एक नोटिस जारी कर प्रार्थी को पक्ष रखने का अवसर दिए जाने की औपचारिकता निभाई गई, लेकिन यह नोटिस निर्धारित सुनवाई तिथि के एक दिन बाद प्रार्थी को प्राप्त हुआ। इससे यह स्पष्ट होता है कि सुनवाई का अवसर जानबूझकर निष्प्रभावी बनाया गया।

प्रार्थी का आरोप है कि पूरी प्रक्रिया पूर्व नियोजित थी और सहायक रजिस्ट्रार की भूमिका निष्पक्ष न होकर संदिग्ध रही है, जिससे भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रार्थी ने आयुक्त महोदय से निष्पक्ष जांच, नवीनीकरण को निरस्त करने तथा दोषी अधिकारियों व पदाधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर आरोपों वाले प्रकरण में क्या रुख अपनाता है।

error: Content is protected !!