देवदह एजुकेशनल सोसाइटी की प्रबंध समिति का कार्यकाल समाप्त, फिर भी अनियमित संचालन का आरोप

रिपोर्ट – सुर्य प्रकाश तिवारी 

महराजगंज जनपद के बुद्धनगर अड्डा बाजार स्थित देवदह एजुकेशनल सोसाइटी एक बार फिर विवादों में है। संस्था की प्रबंध समिति का कार्यकाल समाप्त हो जाने के बावजूद नियमित रूप से कार्य किए जाने और वित्तीय लेन-देन जारी रखने के आरोप लगाए गए हैं। इस संबंध में संयुक्त शिक्षा निदेशक, सप्तम मंडल, गोरखपुर को शिकायती पत्र भेजा गया है।

Oplus_131072

शिकायत में कहा गया है कि देवदह एजुकेशनल सोसाइटी की प्रबंध समिति का निर्धारित कार्यकाल समाप्त हो चुका है। इसके बाद संस्था का नवीनीकरण सहायक रजिस्ट्रार फर्म्स, सोसाइटी एवं चिट्स, गोरखपुर मंडल द्वारा दिनांक 16 जून 2025 को किया गया। आरोप है कि नवीनीकरण की प्रक्रिया पूर्ण होने और नई प्रबंध समिति के गठन से पूर्व ही संस्था के पदाधिकारियों द्वारा नियमित रूप से चेक निर्गत करना, बिल भुगतान तथा अन्य प्रशासनिक निर्णय लिए जा रहे हैं, जो नियमों के विरुद्ध हैं।

शिकायतकर्ता के अनुसार, यह समस्त गतिविधियां जिला विद्यालय निरीक्षक, महराजगंज श्री प्रदीप कुमार शर्मा से कथित मौखिक सहमति के आधार पर कराई जा रही हैं। इससे न केवल शैक्षणिक व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि संस्था के संचालन में गंभीर अनियमितताओं की आशंका भी जताई जा रही है।

मामले में मांग की गई है कि प्रबंध समिति का कार्यकाल समाप्त होने के बाद किए गए सभी प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों की जांच कराई जाए। साथ ही नियमों के विरुद्ध कार्य करने वाले जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति न हो।

शिक्षा विभाग के जानकारों का कहना है कि किसी भी शैक्षणिक संस्था में प्रबंध समिति का वैध होना अनिवार्य है। कार्यकाल समाप्त होने के बाद बिना विधिवत गठन के संस्था संचालन न केवल अवैध है, बल्कि इससे छात्रों और कर्मचारियों के हित भी प्रभावित होते हैं।

अब देखना यह है कि संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय इस शिकायत पर क्या संज्ञान लेता है और जांच के बाद क्या कार्रवाई होती है। स्थानीय स्तर पर यह मामला शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहा है।

error: Content is protected !!