रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी

महराजगंज जनपद के सिसवा ब्लॉक अंतर्गत ग्रामसभा सोनबरसा में एक बड़ा अनियमितता का मामला सामने आया है, जहाँ बी०डी० मार्का ईंट भट्ठा बिना आवश्यक अनुमति के वर्षों से संचालित किया जा रहा है। स्थानीय निवासी अरविन्द सिंह द्वारा मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र में गंभीर आरोप लगाए गए हैं कि उक्त भट्ठा न तो प्रदूषण विभाग से स्वीकृत है और न ही रॉयल्टी या अन्य सरकारी शुल्क जमा किया जा रहा है।

शिकायत के अनुसार, यह भट्ठा ग्रामसभा से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित है, जबकि नियमानुसार इतनी नजदीक भट्ठा संचालन प्रतिबंधित है। इसके बावजूद भट्ठा मालिक बृजेश यादव द्वारा पिछले 3-4 वर्षों से लगातार संचालन किया जा रहा है। इससे न केवल पर्यावरण को नुकसान हो रहा है बल्कि आसपास के ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

आरोप है कि भट्ठे में कोयले के बजाय बगास (गन्ने का अपशिष्ट) का अत्यधिक प्रयोग किया जाता है, जिससे धुआं और प्रदूषण अधिक फैलता है। साथ ही, काश्तकारों से बिना वैध बैनामा कराए केवल स्टाम्प पर हस्ताक्षर कराकर उपजाऊ मिट्टी निकाली जा रही है, जिससे भूमि की उर्वरता पर भी असर पड़ रहा है और राजस्व की भी हानि हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार इस संबंध में शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
प्रार्थी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण और सरकारी राजस्व की रक्षा हो सके।